अयोध्या जिले के बरेहटा पुल पर बाइक सवार से हुई लूट की घटना का तारुन पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के 2170 रुपये, मोबाइल फोन, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। देवरी रंजीत सिंह गांव निवासी विनोद कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि मंगलवार रात वह मया बाजार से तेरहवीं का निमंत्रण खाकर प्लेटिना बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब 10:20 बजे बरेहटा पुल पर पल्सर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। बाइक नहीं रोकने पर आरोपियों ने धक्का देकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद मोबाइल फोन, हेलमेट, पर्स में रखे 3600 रुपये, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और होम्योपैथिक दवाएं लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने डायल-112 पर सूचना देने के बाद थाने में तहरीर दी थी। क्षेत्राधिकारी दिनेश गोदारा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक तारुन लालचंद्र सरोज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस, सीडीआर और त्रिनेत्र एप की मदद से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहन और संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने उरदहवा पुल के पास से नीरज दुबे पुत्र सभाजीत दुबे, बबलू पुत्र राजवंत और सूरज पुत्र राधेश्याम निवासी सोनवर्षा, थाना महाराजगंज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम और अन्य सामान बरामद किया। विधिक कार्रवाई के बाद तीनों को न्यायालय भेज दिया गया।