अयोध्या: अयोध्या के रुदौली तहसील क्षेत्र में राशन की निर्धारित मात्रा में कटौती किए जाने और कार्डधारकों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए मवई ब्लॉक के चंद्रामऊ मंगा गांव के ग्रामीण ने समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता उरमान खां ने सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के संचालन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान रामदयाल के नाम से संचालित है, जबकि राशन वितरण का काम उनके पुत्र रोशनलाल द्वारा किया जा रहा है। आरोप है कि कार्डधारकों से अभद्र व्यवहार किया जाता है और निर्धारित मात्रा से दो से तीन किलो तक कम राशन दिया जाता है। विरोध करने पर राशन कार्ड निरस्त कराने की धमकी भी दी जाती है। शिकायत में बताया गया है कि आठ यूनिट वाले राशन कार्ड पर केवल तीन यूनिट दर्शाकर करीब 15 किलो राशन देकर कार्डधारक को वापस कर दिया जाता है। इससे पात्र लाभार्थियों को उनके हिस्से का पूरा खाद्यान्न नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीण ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त कोटे की दुकान पूर्व में विभाग द्वारा तीन बार निलंबित अथवा निरस्त की जा चुकी है। इसके बावजूद वर्तमान में उपायुक्त खाद्य एवं रसद, अयोध्या मंडल की अनुमति से दुकान का संचालन किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने पूर्व की विभागीय कार्रवाई और वर्तमान संचालन की भी जांच कराने की मांग की है। ग्रामीण ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए दूसरे तहसील के कर्मचारियों और उच्चाधिकारियों की कमेटी गठित करने की मांग की है।