अयोध्या : अयोध्या के रूदौली में सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पाने के लिए महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से रुदौली ब्लॉक मुख्यालय पर संकल्प सेतु शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के तहत नौ से 15 अक्टूबर तक चलने वाले सात दिवसीय शिविर में बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है। कार्यक्रम में पहुंचे रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने की अपील की। शिविर के माध्यम से लोगों को विभागीय योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभ के बारे में बताया जा रहा है। इस दौरान तहसीलदार विजय गुप्ता, खंड विकास अधिकारी अखिलेश गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि शिवगोविंद पांडेय और किशोरी लाल भारती सहित अन्य लोग मौजूद रहे।