फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या में रुदौली बार एसोसिएशन के कार्य बहिष्कार बीच तहसील न्यायालयों में सुनवाई शुरू

अयोध्या में रुदौली बार एसोसिएशन के कार्य बहिष्कार के कारण कई दिनों से प्रभावित तहसील रुदौली के राजस्व न्यायालय शुक्रवार को फिर से खुल गए। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम से लेकर नायब तहसीलदार न्यायालय तक में वादों की सुनवाई शुरू हुई। अधिकारियों ने नियत पत्रावलियों पर सुनवाई करते हुए शेष मामलों में अगली तारीख तय की। उपजिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि बार एसोसिएशन के लगातार कार्य बहिष्कार से वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान और कार्य बहिष्कार समाप्त करने के लिए बार एसोसिएशन को आपसी वार्ता के लिए चार बार लिखित पत्र भेजकर आग्रह किया गया था। इसके बावजूद बार एसोसिएशन की ओर से सकारात्मक सहयोग नहीं मिलने के कारण शुक्रवार से सभी राजस्व न्यायालयों का संचालन शुरू किया गया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को एसडीएम न्यायालय रुदौली, एसडीएम न्यायिक न्यायालय रुदौली, तहसीलदार न्यायालय रुदौली, तहसीलदार न्यायिक न्यायालय रुदौली, नायब तहसीलदार न्यायालय रुदौली और नायब तहसीलदार न्यायालय मवई में वादों की सुनवाई हुई। सभी न्यायालयों में नियत पत्रावलियों पर करीब आधे घंटे तक सुनवाई की गई। वहीं, जिन पत्रावलियों में सुनवाई नहीं हो सकी, उनमें अगली तारीख निर्धारित कर दी गई। एसडीएम ने बताया कि राजस्व परिषद की ओर से न्यायालयों के कामकाज की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। राजस्व परिषद और जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में अब तहसील के सभी राजस्व न्यायालयों का नियमित रूप से संचालन किया जाएगा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें