अंबेडकरनगर में इल्तिफातगंज नगर पंचायत क्षेत्र स्थित शिवम डेंटल क्लिनिक में दांत का इलाज कराने आई 20 वर्षीय महिला की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने क्लिनिक संचालक डॉ. एसके प्रजापति पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि दांत में इंजेक्शन लगाने के बाद महिला बेहोश हो गई। इसके बाद उसे दोबारा इंजेक्शन लगाया गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, महिला बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र के सेमरी चिलमा बाजार की रहने वाली थी। वह दांत का इलाज कराने के लिए इल्तिफातगंज स्थित क्लिनिक पर आई थी। आरोप है कि हालत बिगड़ने पर क्लिनिक संचालक उसे एक निजी अस्पताल ले गया, लेकिन वहां से जवाब मिलने के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। परिजनों का आरोप है कि वहां महिला का शव छोड़कर क्लीनिक संचालक भाग गया।