अंबेडकरनगर में मालीपुर के सैदपुर भितरी के पास शुक्रवार सुबह एनएच की तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गौरव तिवारी 18 की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक दिवाकर और वैभव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, कैथी निवासी गौरव तिवारी शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे अपनी बहन की विदाई का सामान लेने अकबरपुर जा रहे थे। बाइक पर उनके साथ दिवाकर और वैभव भी सवार थे। तीनों सैदपुर भितरी में रामदास मड़ईया के पास पहुंचे थे, तभी अकबरपुर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बोलेरो के नीचे जा घुसी और पीछे बैठे गौरव उसके नीचे फंस गए। बोलेरो उन्हें करीब 50 मीटर तक घसीटती चली गई। वहीं, बाइक सवार दिवाकर (20) और वैभव (22) सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने गौरव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में दोनों घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एएसपी डॉ.तेजवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।