आगरा के सिकंदरा क्षेत्र की युवती से मथुरा के युवक ने दोस्ती की उसके बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। दबाव बनाने पर मंदिर में ले जाकर मांग भर दी। बाद में जातिसूचक शब्द बोलकर धमकाने लगा। पुलिस से शिकायत करने पर आरोपी के सिपाही जीजा ने घर आकर धमकाया और दुष्कर्म का प्रयास किया। न्यायालय के आदेश पर सिकंदरा पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता ने बताया कि बीते वर्ष उसकी मुलाकात मथुरा के महावन निवासी सौरभ से हुई थी। सौरभ ने दोस्ती के बाद शादी करने की बात कही। बातों में फंसा कर शारीरिक शोषण करने लगा। बहुत कहने पर आरोपी उसे 29 जनवरी को मथुरा ले गया। वहां एक मंदिर में गले में माला डालकर मांग भर दी। कुछ दिन बाद विधिवत शादी करने का वादा किया और लगातार शोषण करता रहा। कुछ दिन बाद जब दोबारा शादी के लिए जोर दिया तो उसके अनुसूचित जाति का होने की बोलकर अपशब्द कहे। पुलिस से शिकायत करने पर अपने जीजा कानपुर देहात के रसूलाबाद थाने में तैनात मुकेश इंदौलिया के नाम की धमकी दी। इंस्टाग्राम पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी के जीजा ने उसे कॉल कर बात की। उसकी लोकेशन मांग कर 19 फरवरी को घर आ धमका। दुष्कर्म की कोशिश की और कहीं शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि सौरभ के पास उसके निजी फोटो और वीडियो हैं, जिनको वह वायरल करने की धमकी दे रहा है। आरोपी ने ब्लैकमेल कर जेवर भी ले लिए हैं।