आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक छात्र को सरेराह घेरकर बेरहमी से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित की मां का रोते हुए न्याय की गुहार लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकाश नगर, नीबूलाल की ठार वाली गली निवासी गायत्री देवी ने शनिवार को एत्माद्दौला थाने में तहरीर दी। उनका आरोप है कि आठ नवंबर की रात करीब 11 बजे उनका बेटा रितिक कश्यप बाजार से घर लौट रहा था। रास्ते में दीपक राठौर, सौरभ भदौरिया, पंकज ठाकुर, अन्नू भदौरिया और गोपाल ठाकुर ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि पहले तो पुलिस ने बचा लिया था, अब कैसे बचेगा। इसके बाद आरोपियों ने रितिक को जमीन पर गिराकर बेरहमी से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। सोशल मीडिया पर पीड़ित की मां का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।