मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र के नगला मोरा में हुई 18 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना को एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरों का सुराग लगाने में नाकाम रही है। पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचने को मजबूर हो गया। पीड़ित जितेंद्र सिंह ने बताया कि बीती 19 अगस्त की शाम को चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बनाते हुए सोने के आभूषण और नकदी समेत लाखों के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की प्राथमिकी जैंत थाने में दर्ज कराई गई थी, लेकिन महीनों की लीपापोती के बाद भी जब कोई कार्रवाई नहीं हुई। बृहस्पतिवार दोपहर पीड़ित ने एसएसपी श्लोक कुमार से गुहार लगाकर लापरवाह पुलिसकर्मियों को निर्देश देने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।