फतेहपुर सीकरी में अग्रवाल सेवा समिति के द्विवार्षिक चुनाव को लेकर जय श्रीराम मंदिर परिसर में आयोजित आमसभा की बैठक में अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति नहीं बन सकी। काफी प्रयासों के बाद भी सहमति नहीं बनने पर छह सितंबर को मतदान कराने का निर्णय लिया गया। अध्यक्ष पद के लिए राजेंद्र प्रसाद गोयल (अरहेरा वाले) और मनोज बंसल (किरावली वाले) आमने-सामने होंगे। बैठक में मौजूद अग्र बंधुओं ने अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनाने की कोशिश की गई, लेकिन समाज में आपसी मतभेद के चलते कोई निर्णय नहीं हो सका। अंत में अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों के नाम तय किए गए। चुनाव की घोषणा के बाद दोनों प्रत्याशियों ने आम सदस्यों के बीच जनसंपर्क तेज कर दिया है। प्रत्याशी सदस्यों से संपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन और बहुमत जुटाने में लगे हैं। चुनाव को लेकर अग्रवाल समाज में भी सरगर्मी बढ़ गई है। अग्रवाल सेवा समिति के अध्यक्ष पद के लिए मतदान छह सितंबर को शाम पांच बजे से रात नौ बजे तक अग्रवाल धर्मशाला में होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम घोषित किया जाएगा।