आगरा के बिजलीघर स्थित रामलीला मैदान में श्रीरामलीला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला में शनिवार को लक्ष्मण शक्ति की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। मेघनाद और लक्ष्मण के बीच भीषण युद्ध के बाद शक्ति बाण लगने से लक्ष्मण मूर्च्छित हो गए। अनुज की दशा देखकर प्रभु श्रीराम के करुण विलाप ने दर्शकों को भावुक कर दिया। हनुमान जी संजीवनी बूटी लेकर लौटे और लक्ष्मण की मूर्छा दूर हुई तो पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। इस अवसर पर राम-हनुमान मंदिर में शिब्बीमल अग्रवाल ने संगीतमय सुंदरकांड का पाठ किया। रामलीला कमेटी के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। रविवार को कुंभकरण वध की लीला के साथ विशालकाय पुतले का दहन किया जाएगा। लीला में युद्ध का संचालन मुकेश जौहरी, प्रवीण स्वरूप, आनंद मंगल, अंजुल बंसल आदि ने किया।