पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पृथक राज्य का दर्जा दिलाने की मांग कर रहे अधिवक्ता अजय सिंह को सिविल कोर्ट परिसर में हत्या की धमकी देने का मामला सामने आया है। उन्होंने थाना न्यू आगरा में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। दयालबाग के आनंदी भैरों निवासी अजय सिंह एडवोकेट सिविल कोर्ट परिसर में प्रैक्टिस करते हैं। वह सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पश्चिमी उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण जनमंच के बैनर तले अलग राज्य की मांग को लेकर काम कर रहे हैं। उनका आरोप है कि आठ अक्तूबर की शाम सिविल कोर्ट परिसर में कुछ अज्ञात लोगों ने उन्हें हत्या की धमकी दी। उन्हें डर है कि उनकी हत्या कभी भी और कहीं भी की जा सकती है। एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद ने बताया कि शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जा रही है।