शहर की सड़कों पर वाहन बेलगाम रफ्तार से दौड़ रहे हैं। छोटे हों या बड़े, निर्धारित गति सीमा का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है, लेकिन निगरानी के नाम पर संभागीय परिवहन विभाग की सक्रियता नजर नहीं आ रही। ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए विभाग के पास चार इंटरसेप्टर गाड़ियां हैं, जिनमें स्पीड गन लगी हैं। इनका काम वाहनों की रफ्तार मापकर नियम तोड़ने वालों के चालान करना है, लेकिन इनका इस्तेमाल किस तरह और कितनी नियमितता से हो रहा है। इस पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी एक-दूसरे के पाले में गेंद डाल रहे हैं। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच लोग हर दिन हादसों के खतरे के साये में सफर करने को मजबूर हैं। इंटरसेप्टर में अधिकारी और प्रवर्तन टीम ड्यूटी के लिए सवार हो सकते हैं। यह केवल गति मापने की मशीन नहीं, बल्कि यातायात नियमों के उल्लंघन की निगरानी करने वाला विशेष प्रवर्तन वाहन है। हालांकि, इसका मूल उद्देश्य सड़क पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई करना है, लेकिन हाईवे पर इनकी निगरानी दिखाई नहीं दे रही है। सवाल यह है कि जब चार इंटरसेप्टर और प्रवर्तन टीमें मौजूद हैं तो हाईवे पर बेलगाम रफ्तार पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है। एआरटीओ प्रवर्तन अजय गुप्ता दावा है कि जनवरी से 26 नवंबर तक चारों इंटरसेप्टर से 10952 चालान किए गए और 1.10 करोड़ 19 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। आरटीओ संजय तिवारी ने बताया कि ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ टीमें कार्रवाई करती हैं। सड़क की डिजाइन के हिसाब से वाहनों की रफ्तार निर्धारित की जाती है। शहर में रफ्तार को नियंत्रित करने का काम ट्रैफिक पुलिस का है। प्रवर्तन की टीमें चेकिंग कर कार्रवाई करती हैं। एआरटीओ प्रशासन विनय कुमार ने बताया कि ओवरस्पीडिंग पर निगरानी रखी जाती है। हाईवे पर निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना जरूरी है। स्थानीय स्तर पर गति सीमा तय करने का अधिकार पुलिस अधिकारियों और पुलिस कमिश्नर के पास है। उन्होंने बताया कि कोहरे में ज्यादातर हादसे ओवरस्पीड के कारण होते हैं। इसकी लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रवर्तन की छह टीमें लगी हैं। वे ओवरस्पीड वाहनों का चालान कर रही हैं। इसमें छोटे से लेकर बड़े वाहन भी शामिल हैं।