खाद्य विभाग ने नवरात्र पर मिलावटी-नकली सामग्री पकड़ने के लिए अभियान शुरू किया है। इसके लिए छह टीमें भी बनाई हैं। अभियान के दूसरे दिन मिलावट की आशंका पर 59 किलो घी जब्त किया है। कुट्टू-सिंघाड़े के आटे समेत विभिन्न सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए लैब भेजे हैं। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय महेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि कमला नगर स्थित ओम सुमन्या डेयरी पर जांच की। यहां पर ड्रम मिलावट प्रतीत होने पर 59 किलो घी को सील कर दिया है। इसकी कीमत 38350 रुपये है। इसके अलावा दिल्ली गेट स्थित डी-मार्ट में पंसारी ब्रांड के कुट्टू-सिंघाड़े के आटे, धर्मा डेयरी रुनकता से घी, मिल्कम फूड्स बाह रोड से घी, ब्लिंक्टस मॅमर्स प्राइवेट लिमिटेड न्यू आगरा से कुट्टू-सिंघाड़े के आटे का नमूना लिया। नाई की मंडी स्थित ऋषभ जैन के प्रतिष्ठान से काजू-किशमिश का नमूना लिया। इरादत नगर स्थित पूजा डेयरी में गंदगी मिलने पर सुधार के लिए नोटिस दिया है। यहां से घी-पनीर का नमूना भी लिया है।