आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में साइबर अपराधी ने मोबाइल फोन हैक कर पीड़ित के बैंक खाते से 1.18 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आवास विकास कॉलोनी, बोदला निवासी नीरज झा ने बताया कि उनका बैंक ऑफ बड़ौदा की कैलाशपुरी शाखा में खाता है। साइबर अपराधी ने किसी माध्यम से मोबाइल फोन हैक कर यूपीआई से खाते से रुपये निकाल लिए। 11 सितंबर को खाते से 98,800 रुपये और 12 सितंबर को दो बार में 10-10 हजार रुपये निकाले गए। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।