कैंसर के मरीजों का अब व्यवस्थित ढंग से इलाज होगा। इसके लिए ट्यूमर बोर्ड बनेगा, जिसमें छह विशेषज्ञ होंगे। जांच से लेकर सर्जरी तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की भूमिका तय होगी। एसएन मेडिकल कॉलेज और टाटा मेमोरियल सेंटर ट्रैवलिंग स्कूल ऑफ ओंको-पैथोलॉजी (टीटीएसओपी) मुंबई की ओर से तीन दिवसीय कार्यशाला में इसका प्रशिक्षण दिया गया। मुख्य वक्ता टीटीएसओपी के डॉ. सुमित गुजराल ने बताया कि ट्यूमर बोर्ड में पैथोलॉजिस्ट, ओंको-फिजीशियन, ओंको-सर्जन, रेडियोलॉजिस्ट, ईएनटी, न्यूरोलॉजिस्ट शामिल होंगे। इससे बीमारी की जांच, कीमोथेरेपी-रेडियोथेरेपी, सर्जरी विशेषज्ञ मरीजों की केस हिस्ट्री के आधार पर इलाज तय करेंगे। इससे मरीजों को विभिन्न डॉक्टरों से परामर्श लेने के लिए चक्कर नहीं लगाने होंगे।