आगरा के इरादत नगर में उच्च प्राथमिक विद्यालय सैंया द्वितीय के प्रांगण में शुक्रवार को परिषदीय विद्यालयों की ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता उत्साह और उमंग के साथ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए नन्हे खिलाड़ियों ने दौड़ समेत विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाया। मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बना। प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ आगरा के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कसाना ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। प्राथमिक वर्ग की 50 मीटर बालक दौड़ में अभिषेक प्रथम, अक्षय द्वितीय और करण तृतीय रहे। बालिका वर्ग में कीर्ति ने पहला, मुस्कान ने दूसरा और हिमांशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर बालक दौड़ में जतिन और बालिका वर्ग में प्राथमिक विद्यालय मोहनपुर की कीर्ति प्रथम रहीं। उच्च प्राथमिक वर्ग की 100 मीटर बालक दौड़ में अरुण प्रथम, शिवम द्वितीय और शेखर तृतीय रहे। बालिका वर्ग में अनन्या प्रथम, शिवानी द्वितीय और परी तृतीय स्थान पर रहीं। प्राथमिक वर्ग की 200 मीटर बालक दौड़ में श्याम प्रथम, इरशाद द्वितीय और जगमोहन तृतीय रहे। बालिका वर्ग में कीर्ति प्रथम, सोम्या द्वितीय और आलिया तृतीय रहीं। उच्च प्राथमिक वर्ग की 200 मीटर बालक दौड़ में वीरेंद्र प्रथम, मानव द्वितीय और रमेश तृतीय रहे। बालिका वर्ग में अनन्या प्रथम, कामिनी द्वितीय और खुशी तृतीय स्थान पर रहीं। 400 मीटर उच्च प्राथमिक बालक दौड़ में भड़भूजापुरा के अरुण और बालिका वर्ग में कामिनी ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस मौके पर अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं। पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी हैं। कार्यक्रम में मुनेन्द्र राठौर, राकेश त्यागी, नरेंद्र सिकरवार, अनिल धाकरे, नीरज, मुदित चौधरी, तरुण, बच्चू सिंह, आशुतोष विक्रम (एआरपी), रश्मी शर्मा,पूजा खंडेलवाल, मधु निगम, संगीता, भावना, पूनम शर्मा, शादाब जहां, ममता, मदन मोहन त्यागी एवं ब्लॉक पीटीआई अनिल पंकज सहित शिक्षक मौजूद रहे। प्रतियोगिता का समापन हर्षोल्लास और खेल भावना के साथ हुआ।