नवरात्रि और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर शनिवार को थाना फतेहाबाद परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन एसीपी इमरान अहमद की अध्यक्षता में हुआ ।बैठक में प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने तथा शराब डीजे पर प्रतिबंध की अपील की गई। एसीपी इमरान अहमद ने कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित समय पर प्रशासन की ओर से तय किए गए स्थानों पर ही किया जाए। यमुना घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग लगाई जाएगी। घाटों पर आवश्यकतानुसार गड्ढे खोदने के साथ ही गोताखोरों की व्यवस्था भी की जाएगी, ताकि विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान शराब का सेवन न करें और डीजे के साथ विसर्जन करने से बचें। यमुना नदी में गहराई उऔर पानी के बहाव को देखते हुए विशेष सावधानी बरतें। बच्चों को नदी में नहाने के लिए न जाने दें और स्वयं भी नदी में न नहाएं। उन्होंने कहा कि सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से प्रतिमा विसर्जन करें।बैठक में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, क्राइम इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम पाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, बंटी प्रधान, रामसेवक अघवारिया, शैतान सिंह, राजेश वर्मा, हरिओम वर्मा, गोपाल वर्मा, डोंगर सिंह, राजकुमार शर्मा, बालेश गुप्ता, योगेश चौहान और अंकित गुप्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।