राजधानी के राशन डिपुओं में सस्ता आटा खत्म हो गया है। लोगों को किराने की दुकानों से 40 रुपये प्रतिकिलो की दर से आटा खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जब राशन की सप्लाई को लेकर विभाग को पहले पता था, तो उन्होंने आखिरकार इस समस्या का समाधान क्यों नहीं करवाया। शहर में पचास डिपुओं पर 25 हजार से अधिक राशनकार्ड धारक सस्ते राशन के लिए निर्भर हैं। सरकार की ओर से इन्हें पूरे महीने राशन तो उपलब्ध करवाया जाता है, लेकिन अब आटा के बाद बाकी के राशन का भी डिपुओं में संकट गहरा गया है। रविवार को जब लोग राशन की खरीदारी के लिए डिपुओं में आए तो उन्हें आटा नहीं मिला। सुबह दस बजे से लेकर शाम छह बजे तक शहर के विभिन्न राशन डिपुओं में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। कई डिपुओं में पैर रखने तक की जगह नहीं थी, लेकिन इसके बावजूद अधिकांश लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ा। कुछ डिपुओं में ही आटे की उपलब्धता रही। बस अड्डे, लक्कड़ बाजार, मिडल बाजार, छोटा शिमला समेत आसपास के डिपुओं में राशन लेने पहुंचे अभिषेक मेहता, मनोज शर्मा, बाबूराम और वंदना ने कहा कि वे राशन लेने के लिए डिपुओं में पहुंचे, लेकिन आटा नहीं मिलने से निराश लौटना पड़ा। डिपुओं में आटे की सप्लाई नहीं पहुंची है। अगर ठेकेदार सप्लाई नहीं दे रहा है तो विभाग को वैकल्पिक व्यवस्था कर समाधान करना चाहिए न कि लोगों को परेशान। उधर, जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता नरेंद्र धीमान ने बताया कि सिविल सप्लाई कार्पोरेशन को व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि डिपुओं में राशन पहुंच सके।