फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

निकाय चुनाव: उदयपुर नगर निगम के नए महापौर पारस सिंघवी ने भरा नामांकन, बीजेपी कार्यकर्ताओं की उमड़ी भीड़

Wed, 16 Sep 2026 06:10 PM IST
उदयपुर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उदयपुर

उदयपुर नगर निगम में महापौर पद को लेकर बीजेपी में चल रही सियासी माथापच्ची अब खत्म हो गई है। पार्टी ने पारस सिंघवी के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है। पारस सिंघवी ने बुधवार को महापौर पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान नगर निगम परिसर में बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटी। समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और आतिशबाजी कर खुशी जताई। नामांकन स्थल पर भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस का अतिरिक्त जाप्ता तैनात किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। निगम परिसर में पूरे समय गहमागहमी का माहौल बना रहा।

नामांकन के दौरान भावुक हुए पारस सिंघवी
महापौर पद के लिए नामांकन दाखिल करने नगर निगम पहुंचे पारस सिंघवी इस दौरान भावुक नजर आए। उनकी आंखों में आंसू आ गए और वे अपने भावनाओं को रोक नहीं पाए। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने उदयपुर शहर के चहुंमुखी विकास की बात कही। पारस सिंघवी इससे पहले उदयपुर नगर निगम में डिप्टी मेयर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बीजेपी की ओर से उन्हें महापौर पद का प्रत्याशी बनाए जाने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।

पढे़ं: सीएम भजनलाल के गृह जिले में मेयर की कुर्सी का खेल पलटा: भाजपा के सामने निर्दलीय की चुनौती, कांग्रेस कहां?

दिनेश भट्ट के नाम की उप महापौर के लिए चर्चा
महापौर पद के साथ अब सभी की नजरें उप महापौर के नाम पर टिकी हैं। बीजेपी में दिनेश भट्ट को उप महापौर बनाए जाने की चर्चा है। हालांकि, उप महापौर के नाम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है। इससे पहले महापौर पद के लिए बीजेपी में दिनेश भट्ट और प्रमोद सामर समेत कई नामों पर चर्चा चल रही थी। पार्टी के भीतर कई दौर की बैठकों और मंथन के बाद पारस सिंघवी के नाम पर सहमति बनी।

बीजेपी नेताओं ने दी बधाई
नामांकन के दौरान उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, बीजेपी जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ और राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। विधायक फूल सिंह मीणा ने बीजेपी का नगर निगम में बोर्ड बनने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि नए महापौर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार के विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए उदयपुर शहर के विकास को नई दिशा देंगे। वहीं, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया ने पारस सिंघवी को बधाई देते हुए नए विजन के साथ शहर के विकास के लिए काम करने की बात कही। नामांकन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पारस सिंघवी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और आतिशबाजी कर खुशी जताई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निगम परिसर में भारी पुलिस जाप्ता तैनात रहा।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें