राजस्थान में निकाय चुनाव की सियासी गर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ शनिवार को मेड़ता सिटी पहुंचे, जहां उनके दौरे ने स्थानीय भाजपा की चुनावी तैयारियों को नई धार दे दी। घांची समाज भवन में भाजपा कार्यकर्ताओं और समाज बंधुओं की ओर से प्रदेश अध्यक्ष का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हर बूथ पर पकड़ मजबूत करने की अपील
कार्यक्रम में मदन राठौड़ ने सीधे तौर पर कार्यकर्ताओं को चुनावी मिशन का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव में पार्टी की सफलता का आधार बूथ स्तर की मजबूती है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को प्रत्येक बूथ पर सक्रिय रहकर मतदाताओं से लगातार संपर्क स्थापित करना होगा।
राठौड़ ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। चुनावी मैदान में कार्यकर्ताओं की एकजुटता ही पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी है।
मेड़ता में बूथ मैनेजमेंट पर फोकस, संगठन को धार देने की कोशिश
प्रदेश अध्यक्ष के दौरे को मेड़ता के स्थानीय निकाय चुनाव के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का फोकस अब केवल प्रत्याशी चयन तक सीमित नहीं, बल्कि बूथ मैनेजमेंट, मतदाता संपर्क और संगठनात्मक सक्रियता पर भी दिखाई दे रहा है।
विधायक लक्ष्मण राम कल बोले- पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरें
विधायक लक्ष्मण राम कल ने भी कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए बेहतर चुनावी प्रदर्शन का भरोसा जताया।
कमल खिलाने का दावा, अब नतीजों पर रहेगी नजर
मदन राठौड़ ने राजस्थान में भाजपा का कमल खिलाने का दावा करते हुए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी अभियान को गति देने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष के दौरे के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। अब बड़ा सवाल यही है कि मेड़ता सिटी में भाजपा की यह चुनावी रणनीति और बूथ स्तर की सक्रियता निकाय चुनाव के नतीजों में कितनी बड़ी राजनीतिक बढ़त में बदलती है।