राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (RPTC), जोधपुर के सुल्तान सिंह स्टेडियम में मंगलवार को नव आरक्षकों की संयुक्त दीक्षांत परेड का आयोजन संपन्न हुआ। समारोह में RPTC बैच संख्या 92/26 और पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) बैच संख्या 41/26 के कुल 1418 नव आरक्षकों ने पुलिस सेवा के प्रति कर्तव्य, अनुशासन और निष्ठा की शपथ ली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण), राजस्थान, एच. जी. आर. सुहास (IPS) रहे। उन्होंने परेड का निरीक्षण कर मार्चपास्ट की सलामी ली। समारोह में एसपीयूपी, जोधपुर के प्रो. वीसी एवं उप महानिरीक्षक पुलिस देवेंद्र कुमार बिश्नोई (IPS) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। RPTC जोधपुर के प्रधानाचार्य डॉ. महावीर सिंह राणावत (IPS) ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।
दीक्षांत समारोह में नव आरक्षकों ने अपनी शारीरिक दक्षता, समन्वय और अनुशासन का शानदार प्रदर्शन किया। जवानों ने परेड के साथ-साथ लेजिम डांस, सेल्फ डिफेंस (आत्मरक्षा कौशल) और पुलिस बैंड का आकर्षक प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर प्रशिक्षण अवधि के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 प्रतिभावान नव आरक्षकों को पदक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रशिक्षण पूर्ण कर चुके ये सभी 1418 जवान अब कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा और जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ राजस्थान पुलिस में अपनी नई जिम्मेदारियों को संभालेंगे।
ये भी पढ़ें- राजस्थान: पंचायत चुनाव की तारीखों में बदलाव, अब धनतेरस पर नहीं होगा मतदान; एक ही चरण में पूरी होगी वोटिंग
राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण के एडीजी एच. जी. आर. सुहास ने बताया कि अलग-अलग पृष्ठभूमि से आए आरक्षकों में एकरूपता लाने के लिए प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आधुनिक पुलिसिंग के तहत पाठ्यक्रम में कंप्यूटर साइंस, नारकोटिक्स, गैंगस्टर निरोधक उपाय और नए कानूनों को शामिल किया गया है। उन्होंने नए पुलिसकर्मियों को संवेदनशीलता और जवाबदेही से काम करने की सलाह दी। मार्च पास्ट के बाद शानदार लेजिम और कराटे का प्रदर्शन किया गया।