फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बूंदी: 500 साल से चली आ रही परंपरा में उमड़ा जनसैलाब, सिर कटने और कीलों पर लेटने के करतब देख दंग रह गए लोग

Wed, 11 Nov 2026 07:26 PM IST
बूँदी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बूंदी

दीपावली के दो दिन बाद भाई दूज पर बूंदी जिले के ग्रामीण अंचलों में एक ऐसा अनोखा उत्सव देखने को मिलता है, जिसे देखकर पहली बार पहुंचने वाले लोग भी हैरान रह जाते हैं। कहीं कलाकार का सिर धड़ से अलग दिखाई देता है, तो कहीं कोई जमीन में आधा धंसा नजर आता है। कोई नुकीली कीलों पर लेटकर करतब दिखाता है, तो कहीं भारी-भरकम पत्थर पानी में तैरते दिखाई देते हैं। यह किसी जादुई दुनिया का दृश्य नहीं, बल्कि बूंदी की सदियों पुरानी लोक परंपरा घास भैरू उत्सव है। ठीकरदा, बड़ौदिया, सथूर और हिंडोली सहित जिले के कई गांवों में भाई दूज के अवसर पर इस अनूठे आयोजन की धूम रहती है। गांव की गलियां लोकगीतों, ढोल-मंजीरों और कलाकारों के हैरतअंगेज करतबों से गुलजार हो जाती हैं। लोकदेवता घास भैरू की सवारी निकाली जाती है और बैलों की पूजा के साथ पूरा गांव उत्सव के रंग में रंग जाता है। इस बार भी हजारों की संख्या में ग्रामीण और शहरों से पहुंचे लोग इस परंपरा के साक्षी बने। खास बात यह रही कि राजस्थान ही नहीं, विदेशों से आए पर्यटक भी इस अनूठी लोककला को देखने पहुंचे। न्यूजीलैंड और फ्रांस से आए पर्यटकों ने ग्रामीण संस्कृति और कलाकारों के हुनर की जमकर सराहना की।

कहीं सिर कटा तो कहीं जमीन में समाधि, करतब देखकर रह जाएंगे दंग
बूंदी जिले के इन गांवों में भाई दूज के दिन पहुंचने पर ऐसा लगता है, मानो किसी जादुई नगरी में आ गए हों। गांव की गलियों में जगह-जगह कलाकार अलग-अलग वेशभूषा और रूप धारण कर अपने हुनर का प्रदर्शन करते नजर आते हैं। कहीं कलाकार का सिर धड़ से अलग दिखाई देता है, तो कहीं कोई जमीन में आधा धंसा नजर आता है। कोई पानी में सिर तैराने का करतब दिखाता है, तो कोई नुकीली कीलों पर लेटकर लोगों को चौंका देता है। एक जगह मोटरसाइकिल को कांच के गिलासों पर खड़ा किया जाता है, तो दूसरी जगह पत्थरों और ईंटों को पतले धागे तथा फूलों की मालाओं पर लटकाने का प्रदर्शन होता है। इतना ही नहीं, कलाकार मधुमक्खियों के छत्ते, जहरीले जीवों और तरह-तरह के अनोखे रूपों के जरिए दर्शकों का ध्यान खींचते हैं। कोई शेर बना नजर आता है, तो कोई जोकर, शिकारी, नकली पुलिसकर्मी और सेना के जवान की वेशभूषा में लोगों का मनोरंजन करता है। कुछ कलाकार पति-पत्नी का रूप धारण कर लोकगीत गाते हैं, तो बच्चे भी अलग-अलग किरदारों में नजर आते हैं। इन करतबों को देखकर दर्शक कुछ पल के लिए ठिठक जाते हैं और फिर तालियों के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हैं।

हाथ की सफाई और हुनर का अनोखा संगम
घास भैरू उत्सव में दिखाए जाने वाले करतब इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता हैं। पानी में भारी पत्थर तैराने, कांच के गिलासों पर मोटरसाइकिल खड़ी करने, एक धागे पर पत्थर लटकाने और फूलों की माला पर भारी वस्तुएं टिकाने जैसे प्रदर्शन लोगों के बीच कौतूहल पैदा करते हैं। कहीं कलाकार अपनी कला से ऐसे दृश्य रचते हैं कि देखने वालों को अपनी आंखों पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है। शिव की जटा से पानी निकलने, प्रतिमाओं से पानी के फव्वारे निकलने और हवा में वस्तुओं को लटकाने जैसे प्रदर्शन भी आकर्षण का केंद्र रहते हैं। इन करतबों की खास बात यह है कि गांव के स्थानीय कलाकार कई दिन पहले से तैयारियों में जुट जाते हैं। कोई अपनी वेशभूषा तैयार करता है, तो कोई अनूठे प्रदर्शन की तैयारी करता है। पूरा गांव इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाता है।

पढे़ं: जयपुर को मिला स्टेट फर्स्ट अवॉर्ड, टॉप-3 में जगह नहीं बना सका राजस्थान का कोई शहर

बैलों की पूजा के बाद निकाली जाती है घास भैरू की सवारी
इस उत्सव का धार्मिक और पारंपरिक महत्व भी बेहद खास है। भाई दूज के दिन ग्रामीण विशेष रूप से बैलों की पूजा करते हैं। इसके बाद लोकदेवता घास भैरू के प्रतीक को रस्सियों से बांधकर बैलों की जोड़ी के साथ गांव में घुमाया जाता है। केसरिया रंग में रंगे घास भैरू को बैल खींचते हैं और ग्रामीण ढोल-मंजीरे बजाते हुए जयकारे लगाकर सवारी के साथ चलते हैं। गांव की गलियों से गुजरते हुए यह सवारी परिक्रमा पूरी करती है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार घास भैरू की सवारी कभी ससुराल से पीहर, तो कभी पीहर से ससुराल पहुंचती है। इसे लोक आस्था, पारिवारिक संबंधों और सामाजिक मेलजोल का प्रतीक माना जाता है।

500 से 600 साल पुरानी परंपरा, आज भी कायम है उत्साह
ग्रामीणों के अनुसार घास भैरू की यह परंपरा करीब 500 से 600 साल पुरानी मानी जाती है। पीढ़ी-दर-पीढ़ी चली आ रही इस लोक विरासत को आज भी गांव के लोग पूरे उत्साह के साथ निभा रहे हैं। इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि यहां जाति, वर्ग और सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर पूरा गांव एक साथ उत्सव मनाता है। युवा, बुजुर्ग और बच्चे सभी इसमें भागीदारी निभाते हैं। सुबह से शुरू होने वाला यह उत्सव देर शाम तक चलता है।

विदेशी पर्यटकों को भी भा गई बूंदी की लोक संस्कृति
इस बार घास भैरू की सवारी देखने के लिए राजस्थान के अलग-अलग जिलों से लोग पहुंचे। न्यूजीलैंड और फ्रांस सहित विदेशों से आए पर्यटक भी इस अनूठी परंपरा को देखने के लिए गांवों में पहुंचे। विदेशी पर्यटकों ने ग्रामीण कलाकारों के करतब, लोकगीत, पारंपरिक वेशभूषा और सामूहिक आयोजन की सराहना की। उनके लिए यह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि राजस्थान के ग्रामीण जीवन और लोक संस्कृति को करीब से जानने का अवसर भी रहा।

लोककला को संरक्षण और आर्थिक सहयोग की दरकार
ग्रामीण कलाकारों और युवाओं का कहना है कि आधुनिक दौर में भी इस प्राचीन परंपरा को जीवित रखना अपने आप में बड़ी बात है। उनका मानना है कि यदि सरकार और पर्यटन विभाग इस लोककला को प्रोत्साहन दें तथा कलाकारों को आर्थिक सहयोग मिले, तो घास भैरू उत्सव को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल सकती है। बहरहाल, बूंदी के गांवों में भाई दूज पर मनाया जाने वाला घास भैरू उत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोक आस्था, हुनर, मनोरंजन और सामाजिक एकता का ऐसा संगम है, जिसकी मिसाल कम ही देखने को मिलती है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें