मोहाली फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में मरीजों की संख्या के मुकाबले स्ट्रेचर पर्याप्त नहीं होने से गंभीर मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी हो रही है। इमरजेंसी में पहुंचने वाले मरीजों को कई बार स्ट्रेचर के लिए इंतजार करना पड़ता है। स्ट्रेचर उपलब्ध नहीं होने पर कुछ परिजन मरीजों को सहारा देकर या व्हीलचेयर से ले जाते दिखाई दिए। खरड़ से इलाज के लिए आए मनदीप ने बताया कि अस्पताल में स्ट्रेचर जैसी बुनियादी सुविधा पर्याप्त नहीं है। बुजुर्ग हरिंदर सिंह ने भी स्ट्रेचर की कमी के कारण परेशानी होने की बात कही। वहीं, मेंटल ओपीडी के सामने कूड़ा और गंदगी भी दिखाई दी।ऑर्थोपेडिक विभाग के सामने भी कूड़े का ढेर लगा मिला। मरीजों और परिजनों का कहना है कि अस्पताल में साफ-सफाई और सुविधाओं पर ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने इमरजेंसी समेत प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त स्ट्रेचर उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही खराब स्ट्रेचर की जगह वैकल्पिक व्यवस्था और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग की गई।