मोहाली में गमाडा कार्यालय में चल रही ईडी की कार्रवाई के तीसरे दिन आम आदमी पार्टी के समर्थकों और प्रतिनिधियों ने गमाडा कार्यालय का घेराव कर रोष प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में आप समर्थक गमाडा कार्यालय के बाहर जुटे और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आप समर्थक हाथों में बैनर लेकर पहुंचे जिस पर लिखा था 'जब-जब मोदी डरता है, ईडी को आगे करता है'। प्रदर्शन के दौरान गमाडा कार्यालय में तैनात पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर के अंदर जाने से रोकने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का गेट तोड़ दिया और इसके बाद बड़ी संख्या में अंदर प्रवेश कर गए। प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए गमाडा मुख्यालय के अंदर पहुंचे और वहां भी रोष प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यालय परिसर में मौजूद ईडी अधिकारियों की कार्रवाई के बीच सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ी। आप समर्थकों का कहना था कि गमाडा कार्यालय में ईडी की लगातार तीसरे दिन चल रही कार्रवाई को लेकर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। प्रदर्शन के चलते गमाडा कार्यालय के बाहर काफी देर तक माहौल गरमाया रहा। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराने और व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया।