मुल्लांपुर इलाके में शुक्रवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव खंजरवाल से माजरी की ओर जाने वाले रास्ते पर सफेद रंग की आई-20 कार में सवार दो युवकों पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग के बाद बेकाबू हुई कार सड़क किनारे खंभे से जा टकराई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक की पहचान गांव भुंदड़ी निवासी लाडी खान के रूप में हुई है। उसके साथ कार में बैठे माजरी निवासी रोहित उर्फ बिल्ला ने अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागकर अपनी जान बचाई। वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी किस कारण से हमला करने पहुंचे थे, इसका अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है।