जालंधर के व्यस्त बाजार माईं हीरा गेट में चोरी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामले में चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए उनके ताले तोड़े और नकदी लेकर फरार हो गए। एक दुकान से करीब एक हजार रुपये, जबकि दूसरी दुकान से सात हजार रुपये चोरी होने की जानकारी मिली है। चोरी की यह वारदात दुकानों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, बाइक पर सवार होकर आए दो चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। फुटेज में एक चोर के हाथ में सब्बल दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरा दुकानों के ताले तोड़ता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि एक चोर दुकान का शटर थोड़ा ऊपर उठाकर अंदर दाखिल हुआ, जबकि उसका साथी बाहर बैठकर निगरानी करता रहा। कुछ देर बाद अंदर गया चोर नकदी लेकर बाहर आ गया। इसी तरह चोरों ने बांसल नामक व्यक्ति की दुकान को भी निशाना बनाया। दुकानदार के अनुसार, वारदात से दो दिन पहले चोर दुकान पर सामान लेने के बहाने आए थे। दुकानदारों का कहना है कि माईं हीरा गेट में वर्षों से इस तरह चोरी की वारदातें सुनने को नहीं मिलती थीं, लेकिन पिछले एक महीने के दौरान करीब 6 से 7 दुकानों में चोरी हो चुकी है। इससे पहले एक आटा चक्की, किरण बुक शॉप और चार अन्य दुकानों को भी चोर निशाना बना चुके हैं। लगातार हो रही चोरियों से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। उनका आरोप है कि कई बार पुलिस से बाजार में गश्त बढ़ाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी वारदात का खुलासा नहीं हो पाया है। ताजा घटना को लेकर दुकानदारों की ओर से अभी तक पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कोई मामला ट्रेस नहीं हुआ। इसी कारण दुकानदारों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर नाराजगी है। उन्होंने बाजार में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं को जल्द ट्रेस करने की मांग की है।