जालंधर में रविवार सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। आसमान में छाए काले बादलों और लगातार हो रही वर्षा के चलते दिन में ही अंधेरा छा गया। बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम में ठंडक घुल गई। सड़कों पर जलभराव, यातायात हुआ प्रभावित लगातार बारिश के कारण शहर की कई सड़कों पर पानी जमा हो गया। जलभराव के चलते वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, सामान्य दिनों के मुकाबले सड़कों पर वाहनों की आवाजाही भी कम दिखाई दी। बारिश के कारण शहर के प्रमुख बाजारों में भी चहल-पहल कम रही और दुकानों पर ग्राहकों की संख्या में कमी नजर आई। चाय-पकौड़ों के साथ मौसम का लिया आनंद मौसम में अचानक आई तब्दीली का लोगों ने अपने अंदाज में स्वागत किया। ठंडी हवाओं और बारिश के बीच लोग चाय की चुस्कियों के साथ गर्मागर्म पकौड़ों का लुत्फ उठाते नजर आए। चाय की दुकानों और रेहड़ी-फड़ी वालों के आसपास लोगों की भीड़ दिखाई दी। बारिश ने जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं मौसम में समय से पहले ठंडक का एहसास भी बढ़ा दिया। गर्मी से राहत, बदला शहर का मिजाज सुबह से जारी बारिश के चलते जालंधर में मौसम सुहावना हो गया। काले बादलों, ठंडी हवाओं और रुक-रुककर होती वर्षा ने शहर के वातावरण को पूरी तरह बदल दिया। हालांकि, सड़कों पर पानी जमा होने से लोगों को आवागमन में परेशानी भी झेलनी पड़ी।