जालंधर सिविल अस्पताल में मंगलवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उपचाराधीन मरीजों का हाल-चाल जाना। इस दौरान अस्पताल में इलाज करा रहे 100 टीबी मरीजों को मुफ्त इलाज के साथ एक महीने की हाई-प्रोटीन डाइट किट प्रदान की गई। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने सिविल अस्पताल के विभिन्न वार्डों का दौरा किया। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और उपचार को लेकर जानकारी ली। मंत्री ने मौके पर मौजूद चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले हर जरूरतमंद व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। मोहिंदर भगत ने बताया कि सिविल अस्पताल में इस समय 100 टीबी मरीजों का इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी से पूरी तरह उबरने के लिए केवल दवाइयां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि मरीज के शरीर को रिकवरी के लिए पर्याप्त पोषण की भी आवश्यकता होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए मान सरकार की ओर से इन मरीजों को एक महीने के लिए हाई-प्रोटीन युक्त डाइट किट मुफ्त उपलब्ध करवाने का फैसला किया गया है, ताकि मरीजों को बेहतर पोषण मिल सके और वे तेजी से स्वस्थ हो सकें। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार प्रदेश को टीबी मुक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चला रही है। स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें विभिन्न क्षेत्रों में जाकर टीबी मरीजों की सक्रिय रूप से पहचान कर रही हैं। मरीजों की पहचान होने के बाद उन्हें आवश्यक उपचार और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।