फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जालंधर में आप का ‘मिशन क्लीन’ मंत्री, मेयर और डीसी ने उठाई झाड़ू

Nivedita Updated Sat, 29 Aug 2026 12:22 PM IST

पंजाब सरकार के ‘क्लीन पंजाब’ अभियान की शुरुआत जालंधर के नकोदर चौक से हुई। अभियान के दौरान कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, मेयर वीनित धीर, डीसी वरजीत वालिया, आप हलका इंचार्ज नितिन कोहली और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सड़कों पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों ने शहरवासियों से अपील की कि अपने घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें और उसे निगम की टीमों को ही सौंपें। कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि अभियान के तहत अगले 10 दिनों तक शहर के अलग-अलग इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं रहने दी जाएगी। सभी विभाग और कर्मचारी मिलकर अभियान को सफल बनाने के लिए काम करेंगे, ताकि आने वाले समय में पूरा पंजाब स्वच्छ बनाया जा सके। मेयर वीनित धीर ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और लोकल बॉडी मंत्री के नेतृत्व में शुरू किए गए इस 10 दिवसीय मिशन में नगर निगम, प्रशासन और सफाई कर्मचारी मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 10 दिनों में जालंधर का साफ-सुथरा और बेहतर स्वरूप सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। बीमारियों से बचाव के लिए आसपास की सफाई बेहद जरूरी है। मेयर ने लोगों से अपील की कि चलते-फिरते सड़क पर कचरा न फेंकें और शहर को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं। मंत्री भगत, मेयर धीर और डीसी वालिया ने कहा कि नगर निगम की मेहनत तभी सफल होगी, जब शहरवासी भी पूरी जिम्मेदारी के साथ अभियान का हिस्सा बनेंगे। अक्सर लोग दुकानों के बाहर या चलते-फिरते कचरे से भरे लिफाफे सड़क पर फेंक देते हैं, जिससे सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। पुलिस और प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कुछ स्थानों पर डस्टबिन भी उपलब्ध करवाए गए हैं। अधिकारियों ने लोगों से सफाई कर्मचारियों की मेहनत को सफल बनाने और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाने की अपील की। गीला-सूखा कचरा अलग करना बने हर घर की आदत अभियान में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करना स्वच्छता की दिशा में पहला कदम बताया गया। नगर निगम ने रात के समय सड़क पर कचरा फेंकने वालों को रोकने के लिए स्पेशल मार्शल भी तैनात किए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जिस तरह लोग अपने घर को साफ रखते हैं, उसी तरह पूरे शहर को अपना घर समझकर साफ रखना चाहिए। यदि प्रशासन, नगर निगम, सफाई कर्मचारी और आम नागरिक मिलकर टीमवर्क के साथ काम करें तो इन 10 दिनों में जालंधर को पूरे पंजाब के लिए स्वच्छता की मिसाल बनाया जा सकता है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें