पंजाब के जालंधर में वार्ड नंबर 23 की आम आदमी पार्टी (AAP) पार्षद परमजीत कौर के पति हरपाल सिंह मिंटू पर चार युवकों ने चाकुओं और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। मंगलवार देर शाम हुई इस घटना में मिंटू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पैसों के विवाद में हुआ हमला जानकारी के अनुसार, हरपाल सिंह मिंटू दो पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने और समझौता करवाने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई। आरोप है कि इसी बीच चार युवकों ने उन पर चाकुओं और तेजधार हथियारों से कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। चार आरोपियों की पहचान, केस दर्ज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। एसीपी राजेश ठाकुर और डीसीपी सिटी आदित्य एस. वारियर ने घटना की पुष्टि की। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर राजू भईया और शामा लाहौरिया समेत चार आरोपियों की पहचान की गई है। प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे पुरानी रंजिश और आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हमले के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 190 और 191 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।