भुच्चो मंडी के आम आदमी पार्टी (आप) विधायक मास्टर जगसीर सिंह के बेटे हरसिमरन सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह बिना किसी संवैधानिक पद के बिजली बोर्ड के एसडीओ को आदेश देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में हरसिमरन सिंह एसडीओ से कह रहे हैं कि गांव हररायपुर में छप्पड़ के पास चल रहे फर्जी मोटर कनेक्शन को न उखाड़ा जाए और उस गांव में आने से मना कर रहे हैं। इस संबंध में विधायक के बेटे का कहना है कि "सांझे काम के लिए सब कुछ जायज है।" सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो हाल के दिनों का बताया जा रहा है। वीडियो में आप विधायक का बेटा हरसिमरन सिंह गांव हररायपुर में ग्रामीणों के साथ बैठक के दौरान बिजली बोर्ड के एसडीओ को फोन पर निर्देश दे रहा है। उसने एसडीओ से कहा कि गांव में छप्पड़ के पास एक फर्जी मोटर कनेक्शन चल रहा है, उसे उखाड़ा न जाए। इसके अलावा, उसने यह भी कहा कि गांव में कुंडी कनेक्शन पकड़ने के लिए नहीं आना है। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि विधायक का बेटा आगामी विधानसभा चुनावों में वोट हासिल करने के उद्देश्य से बिजली चोरी को बढ़ावा दे रहा है और बिजली चोरी करने वालों को बचाने का प्रयास कर रहा है। जब इस वायरल वीडियो के संबंध में आप विधायक के बेटे हरसिमरन सिंह से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि "सांझे काम के लिए सब कुछ जायज है।"