बसी पठाना के गांव बरास निवासी 23 वर्षीय युवक दविंदर सिंह की मौत के मामले में इंसाफ की मांग को लेकर परिवारिक सदस्यों और राजनीतिक नेताओं द्वारा थाना बडाली आला सिंह के बाहर सरहिंद-चंडीगढ़ मार्ग पर धरना दिया गया। परिवार द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने 6 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। डीएसपी बस्सी पठाना राज कुमार ने बताया कि मृतक के परिवारिक सदस्य राजिंदर सिंह द्वारा पुलिस को दी शिकायत के अनुसार दविंदर सिंह को गांव भगड़ाणा की एक लड़की ने अपने घर बुलाया था। आरोप है कि वहां लड़की के परिवारिक सदस्यों द्वारा दविंदर सिंह के साथ गंभीर मारपीट की गई तथा उसे कोई जहरीली वस्तु खिला दी गई। हालत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दविंदर सिंह की मौत हो गई। डीएसपी राज कुमार के अनुसार शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर थाना बडाली आला सिंह में 6 व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है तथा नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।