कोटकपूरा शहर के वार्ड नंबर 2 के अंतर्गत आने वाले हीरा सिंह नगर की गली नंबर 5 में सीवरेज जाम की समस्या के कारण गलीवासियों को पिछले कई महीनों से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवरेज की निकासी प्रभावित होने के कारण गंदा पानी गली में जमा होकर तालाब का रूप धारण कर चुका है, जिससे स्थानीय निवासियों का घरों से बाहर निकलना और रोजमर्रा के काम करना मुश्किल हो गया है। गलीवासियों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि सीवरेज जाम होने के कारण गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। लंबे समय से बनी इस समस्या के चलते गली में गंदा पानी जमा रहता है। इससे जहां लोगों को आने-जाने में दिक्कत होती है, वहीं आसपास के घरों में रहने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में सीवरेज व्यवस्था सुचारू होना बेहद जरूरी है, लेकिन उनकी समस्या की ओर संबंधित विभाग द्वारा अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही। इस मौके पर रोशन लाल, कृष्ण भारद्वाज सहित अन्य गलीवासियों ने कहा कि उनकी गली ने पिछले कई महीनों से गंदे पानी के छप्पड़ का रूप धारण किया हुआ है। उन्होंने कहा कि सीवरेज जाम की समस्या के कारण उन्हें लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने नगर कौंसिल कोटकपूरा के अधिकारियों से मांग की कि मौके का निरीक्षण करवाकर समस्या का जल्द समाधान किया जाए। केवल अस्थायी तौर पर सीवरेज खोलने के बजाय सीवरेज लाइन की पूरी जांच की जानी चाहिए। यदि सीवरेज लाइन में किसी प्रकार की रुकावट या तकनीकी खराबी है तो उसे दूर कर स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति पैदा न हो। उन्होंने नगर कौंसिल अधिकारियों से जल्द कार्रवाई कर लोगों को राहत देने की मांग की है।