श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित जिला प्रशासन एवं खेल विभाग तरनतारन की ओर से ‘रन फॉर इक्वेलिटी’ 5 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज में समानता, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर कौंसिल के पूर्व प्रधान भूपिंदर सिंह खेड़ा ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी ने संपूर्ण मानवता को समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवा पीढ़ी को गुरु साहिब के विचारों और शिक्षाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर उप जिला शिक्षा अधिकारी राजिंदर कौर ने कहा कि मैराथन के माध्यम से विद्यार्थियों में समानता, बराबरी और आपसी भाईचारे की भावना का संदेश पहुंचाया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन जीने का संदेश दिया गया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, सहयोग और सकारात्मक सोच की भावना भी पैदा करते हैं। मैराथन में शामिल प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संकल्प भी लिया।