फरीदकोट में भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) का मांगों को लेकर जेल भरो आंदोलन शुक्रवार को भी जारी रहा। बठिंडा जिले से आए 28 किसानों के जत्थे ने मिनी सचिवालय पहुंचकर गिरफ्तारियां दीं। पुलिस ने एसडीएम की हिदायत पर सभी किसानों को जेल भेज दिया। संगठन ने ऐलान किया कि आने वाले दिनों में महिला किसानों के जत्थे भी गिरफ्तारियां देंगे। बीकेयू एकता सिद्धूपुर की ओर से फरीदकोट समेत राज्य के 12 जिलों में लैंड मॉर्गेज बैंकों के बाहर करीब पांच महीने से रोजाना धरना दिया जा रहा है। किसानों की मांग है कि बैंकों की तर्ज पर लैंड मॉर्गेज बैंक में भी वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना लागू की जाए और कर्ज के समय लिए गए खाली चेक वापस किए जाएं। इसके अलावा शंभू खनोरी बॉर्डर पर किसानों के नुकसान की भरपाई की मांग की जा रही है। किसान नेता इंद्रजीत सिंह घनियां ने कहा कि मांगें पूरी होने तक रोजाना जत्थों के रूप में गिरफ्तारियां देने का सिलसिला जारी रहेगा। उन्होंने दावा किया कि सरकार अब किसानों को जेल से रिहा कर रही है, जबकि किसान जमानत लेने को तैयार नहीं हैं।