फरीदकोट में भारतीय जनता पार्टी के संगठन को उस समय मजबूती मिली, जब गांव दाना रोमाणा के पूर्व सरपंच भूपिंदर सिंह अपने कई साथियों समेत आम आदमी पार्टी को छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप सिंह सन्नी बराड़ की अगुवाई में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भूपिंदर सिंह और उनके साथियों का पार्टी में स्वागत किया गया। इस मौके पर जिला अध्यक्ष सन्नी बराड़ ने कहा कि पार्टी की नीतियों और विचारधारा से प्रभावित होकर लगातार विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भाजपा का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि नए सदस्यों के पार्टी में शामिल होने से गांव स्तर पर संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करना और लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाना है। पार्टी में शामिल हुए पूर्व सरपंच भूपिंदर सिंह ने कहा कि वह भाजपा की विचारधारा से प्रभावित होकर अपने साथियों सहित पार्टी में शामिल हुए हैं और पार्टी की मजबूती के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे। भाजपा नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।