ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बॉर्डर पर बीएसएफ और पाक रेंजर्स के बीच होने वाली रिट्रीट सेरेमनी का स्वरूप बदला हुआ नजर आता है। दोनों देशों के बीच तनाव के दौरान यह समारोह बंद कर दिया गया था। दोबारा शुरू होने के बाद रिट्रीट सेरेमनी स्थल पर जीरो लाइन के बीच खड़ी की गई बैरिकेडिंग हटाई नहीं गई है। अब बीएसएफ और पाक रेंजर्स अपनी-अपनी सीमा में रहकर परेड करते हैं और झंडा उतारने की रस्म अदा करते हैं। ऑपरेशन सिंदूर से पहले रिट्रीट सेरेमनी के दौरान बैरिकेड हटाए जाते थे और दोनों देशों के जवान एक-दूसरे की सीमा में प्रवेश कर झंडा उतारने की रस्म निभाते थे। बीएसएफ के जवान पाकिस्तानी सीमा में जाकर वहां के झंडे को सलामी देकर उतारते थे, जबकि पाक रेंजर्स भारतीय सीमा में प्रवेश कर इसी तरह की रस्म अदा करते थे। लेकिन अब जीरो लाइन पर बैरिकेडिंग की दीवार खड़ी रहने के कारण दोनों देशों के जवान अपनी-अपनी सीमा में रहकर ही परेड और झंडा उतारने की रस्म पूरी करते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद बदली व्यवस्था ऑपरेशन सिंदूर के बाद बदली व्यवस्था को करीब 18 महीने होने जा रहे हैं, लेकिन जीरो लाइन पर बनी बैरिकेडिंग अब तक नहीं हटाई गई है। इससे दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण संबंधों का असर सीमा पर होने वाली पारंपरिक रिट्रीट सेरेमनी में भी दिखाई दे रहा है। दोनों देशों के बीच तनाव का असर व्यापारिक और परिवहन संबंधों पर भी पड़ा है। भारत-पाकिस्तान के बीच व्यापार बंद है। वहीं, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पाकिस्तान ने दोनों देशों के बीच चलने वाली समझौता एक्सप्रेस ट्रेन को 9 अगस्त 2019 से बंद कर रखा है। सीमा पर बदली रिट्रीट सेरेमनी की व्यवस्था दोनों देशों के बीच जारी तनाव की स्थिति को दर्शाती है। जीरो लाइन से बैरिकेड हटाने की मांग हुसैनीवाला भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर रिट्रीट सेरेमनी देखने आने वाले दर्शकों का कहना है कि जीरो लाइन पर लगी बैरिकेड की दीवार हटाई जानी चाहिए, ताकि दोनों देशों की परेड पहले की तरह साफ दिखाई दे सके। दर्शकों के मुताबिक ऑपरेशन सिंदूर से पहले जिस तरह भारत और पाकिस्तान के जवानों के बीच जोशपूर्ण परेड होती थी, वैसा माहौल दोबारा बनाया जाना चाहिए। दोनों तरफ की गैलरी में बैठे लोगों को एक-दूसरे की परेड देखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए। परेड के दौरान दर्शक जवानों को जोरदार कदमताल और जोशीले अंदाज में परेड करने के लिए उत्साहित करते हैं। यह दृश्य पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र होता है। बैरिकेड के कारण परेड का रोमांच कम हो जाता है।