फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए गांव शेर खां और कूलगढ़ी में मिठाई की दुकानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान गांव शेर खां में मोगा से लाई गई करीब 70 किलो खराब मिठाई बरामद हुई, जिसे विभाग की टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। जांच के दौरान मिठाई पर फफूंदी लगी हुई थी और उसकी गुणवत्ता बेहद खराब पाई गई। इसके अलावा मिठाई पर निर्माण और एक्सपायरी की तारीख से संबंधित जानकारी भी अंकित नहीं थी। विभाग ने लोगों की सेहत को ध्यान में रखते हुए इसे तुरंत नष्ट करवाया, ताकि यह मिठाई बिक्री के माध्यम से लोगों तक न पहुंचे। विभाग की टीम ने सचदेवा स्वीट्स, जोशन स्वीट्स, मनचंदा स्वीट शॉप, थिंद स्वीट शॉप और बीकानेरी स्वीट शॉप की जांच की। इस दौरान दुकानों की साफ-सफाई, मिठाइयों की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया गया। दुकानदारों को मिठाइयां तैयार करने और रखने वाली जगहों को साफ रखने तथा खाद्य पदार्थों को मक्खियों व अन्य कीटों से बचाने के निर्देश दिए गए। विभाग ने दुकानदारों को गैर-मान्यता प्राप्त रंगों और केमिकल का इस्तेमाल न करने तथा केवल स्वीकृत फूड ग्रेड सामग्री का उपयोग करने की हिदायत दी।