मिलावटखोरी और अस्वच्छ तरीके से खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने तलवंडी भाई में विभिन्न मिठाई की दुकानों पर अचानक चेकिंग और सैंपलिंग की। इस दौरान जगदंबा स्वीट्स, कुल्लर स्वीट्स और काका स्वीट्स की जांच की गई। चेकिंग के दौरान दुकानों में साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और हाइजीन से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कुल्लर स्वीट्स में गंदगी और सफाई व्यवस्था में कमियां पाए जाने पर विभाग की ओर से चालान किया गया। दुकानदार को साफ-सफाई के निर्धारित मानकों और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई। वहीं, जगदंबा स्वीट्स और काका स्वीट्स से संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। काका स्वीट्स से विशेष रूप से पनीर का सैंपल भी लिया गया, जिसे नियमानुसार विश्लेषण के लिए भेजा जाएगा। फफूंद लगी मिठाई फेंकवाई गई। विभाग ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थ तैयार करने और बेचने के दौरान साफ-सफाई, व्यक्तिगत हाइजीन, सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। विभाग ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए चेकिंग और सैंपलिंग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।