फिरोजपुर जिले में हुई बारिश के बाद मंडियों में धान की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला फूड कंट्रोलर वंदना कंबोज ने विभिन्न मंडियों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने धान की ढेरियों का निरीक्षण किया और मॉइस्चर मीटर से नमी की जांच की। जो 21 फीसदी आई है। इस मौके पर मार्कफेड, पनसप और वेयरहाउस कॉरपोरेशन के जिला प्रबंधकों सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। वंदना कंबोज ने किसानों से अपील की कि वे गीला धान मंडियों में लेकर न आएं और फसल को पर्याप्त रूप से सुखाने के बाद ही मंडियों में लाएं। उन्होंने कंबाइन संचालकों से भी अपील की कि वे गीले धान की कटाई से बचें, ताकि मंडियों में खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। जिला फूड कंट्रोलर ने कहा कि धान में नमी निर्धारित मानकों के अनुसार होना जरूरी है, जिससे खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।