स्थानीय महाराणा प्रताप चौक में सिविल सोसायटी तलवाड़ा की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पुतला फूंक प्रदर्शन किया गया। ओम दत्त शर्मा और कुंदन लाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं को लेकर रोष जताया तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) के चलते बड़ी संख्या में लोगों के मताधिकार पर असर पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग से एसआईआर प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग भी उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले प्रत्येक नागरिक को संविधान के तहत मतदान का अधिकार प्राप्त है और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाया जाना चाहिए। इस मौके पर दीनानगर क्षेत्र से बसपा नेता बंटी बाज, कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष बोध राज, दीपक ठाकुर सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता के अधिकारों की रक्षा लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जरूरत है। उन्होंने चुनाव आयोग से मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर उठाए जा रहे सवालों का सार्वजनिक रूप से जवाब देने की मांग की।