पंजाब सरकार की ओर से युवाओं और बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें नशे से दूर रखने के उद्देश्य से गांव-गांव में आधुनिक खेल मैदान तैयार करवाए जा रहे हैं। इसी मुहिम के तहत मोगा के कस्बा धर्मकोट के अधीन आते गांव बडूवाल में करीब 24 लाख रुपये की लागत से आधुनिक मुख्यमंत्री खेल मैदान तैयार किया गया है। खेल मैदान में युवाओं और बच्चों की सुविधा के लिए विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। मैदान बनने के बाद गांव के युवाओं और बच्चों में खेलों के प्रति खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इतना ही नहीं, आसपास के गांवों से भी बच्चे और युवा यहां आकर खेलों की प्रैक्टिस कर रहे हैं। रोजाना करीब 150 बच्चे और युवा इस खेल मैदान में फुटबॉल की प्रैक्टिस करते हैं। सुबह और शाम के समय मैदान में युवाओं और बच्चों की काफी चहल-पहल रहती है। पंजाब सरकार की ओर से खेलों को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई इस मुहिम का ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। बडूवाल का खेल मैदान भी युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। गांव के लोगों का कहना है कि पंजाब सरकार की ओर से गांव में आधुनिक खेल मैदान बनाना एक सराहनीय कदम है। इस खेल मैदान के निर्माण से गांव के नौजवान लड़के-लड़कियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है। युवा अब नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों में हिस्सा ले रहे हैं और अपनी सेहत व फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे खेल मैदान युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित कर रहे हैं।