थाना सदर पुलिस ने संयुक्त गौ रक्षा दल पंजाब के महासचिव महंत गरीब दास की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए कथित गौ हत्या और गौ मांस की तस्करी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित गौ मांस, हड्डियां और एक बोलेरो गाड़ी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव पहलूवाला निवासी सतपाल सिंह उर्फ सत्ती और हरबंस सिंह उर्फ बंसी तथा गांव मचाकी मल सिंह में रहने वाले उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी वजीर सिंह, अखिल अहमद और जमील अहमद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, संयुक्त गौ रक्षा दल पंजाब के महासचिव महंत गरीब दास ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि गांव पहलूवाला निवासी सतपाल सिंह उर्फ सत्ती ने कथित तौर पर एक गिरोह बनाया हुआ है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि गिरोह के सदस्य लावारिस घूम रहे गोवंश को पकड़कर उनकी हत्या करने के बाद मांस दूसरे राज्यों में सप्लाई करते थे। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने अपने घर में गोवंश की हत्या कर मांस और हड्डियों को अलग-अलग किया हुआ था। शिकायत मिलने के बाद थाना सदर पुलिस ने संबंधित ठिकाने पर छापा मारा। पुलिस के मुताबिक, वहां से कथित गौ मांस, हड्डियां और अन्य सामग्री बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। इस संबंध में एसपी नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी गोवंश को काटने के बाद उसकी हड्डियां और अन्य अवशेष नहर में फेंक देते थे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल करने की तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि कथित गौ मांस की सप्लाई किन-किन स्थानों पर की जाती थी और इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।