अग्रवाल सेवा समिति कोटकपूरा की ओर से महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में रविवार को संध्या फेरी निकाली गई। समिति के प्रधान शीतल गोयल के नेतृत्व में आयोजित इस संध्या फेरी में शहर की विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को महाराजा अग्रसेन जयंती की शुभकामनाएं दीं। संध्या फेरी का शुभारंभ पुरानी अनाज मंडी स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद बैंड-बाजे के साथ हुआ। मां लक्ष्मी, महाराजा अग्रसेन और खाटू श्याम जी की सुंदर झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। संध्या फेरी संकट मोचन हनुमान मंदिर से शुरू होकर गुरुद्वारा बाजार, जैतो रोड, मेहता चौक, रेलवे रोड, डोडा चौक, फौजी रोड, सब्जी मंडी, मेन बाजार और सट्टा बाजार से होते हुए बजरंग भवन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। जगह-जगह फूलों की वर्षा से स्वागत, लगाए लंगर संध्या फेरी के मार्ग में विभिन्न संस्थाओं और श्रद्धालुओं की ओर से फूलों की वर्षा कर इसका भव्य स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए लंगर भी लगाए गए। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। समिति के प्रधान शीतल गोयल ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महाराजा अग्रसेन जयंती श्रद्धा, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई जा रही है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समाज के सभी वर्गों के लोगों का आभार व्यक्त किया। ये रहे मौजूद इस मौके पर अशोक मित्तल, ओमप्रकाश गोयल, रविंदर गर्ग, स्वतंत्र गोयल, विनोद गुप्ता, सुभाष गोयल, कपिल गोयल, विनोद शर्मा, नरेश गोयल, इंजीनियर राज अग्रवाल, विजय अरोड़ा, वरिंदर अरोड़ा, ओंकार गोयल, दिनेश मित्तल, नरेश अग्रवाल, विपन गुप्ता, विजय स्वामी, अखिल कौशिक, विजय मित्तल, अमरनाथ शर्मा, भारत भूषण मोदी, गिल, भाजपा नेता दुर्गेश शर्मा, करतार सिंह सिखांवाला, प्रदीप शर्मा, रजनीश गोयल, जगजीवन राम, डॉ. तीर्थ बंसल, अमृत बंसल और आशु गर्ग एमसी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।