फिरोजपुर में पराली जलाने की घटनाएं लगातार जारी हैं। अब तक पराली जलाने के 356 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 131 किसानों के खिलाफ पुलिस ने पराली जलाने के आरोप में मामले दर्ज किए हैं। इसके बावजूद किसान पराली जलाने से बाज नहीं आ रहे हैं। हालात यह हैं कि पूरे जिले के आसमान में धुएं की मोटी चादर छाई हुई है। सड़कों पर धुएं के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई है। वाहन चालकों को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा और ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे इलाके में घनी धुंध पड़ गई हो। प्रदूषित हवा के कारण लोगों को आंखों में जलन, पानी निकलने, खांसी और गले में धुआं लगने जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पराली जलाने की लगातार बढ़ती घटनाओं ने आम लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर चिंता पैदा कर दी है।