सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब स्थित केंद्रीय सिख अजायबघर में सिख पंथ की तीन प्रमुख शख्सियतों जस्टिस कुलदीप सिंह, भाई गजिंदर सिंह और शहीद भाई गुरदेव सिंह देबू की तस्वीरें सुशोभित की गईं। इस अवसर पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी, श्री अकाल तख्त साहिब के ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज, जस्टिस कुलदीप सिंह के परिवार के सदस्य और अन्य प्रमुख शख्सियतें मौजूद रहीं। जस्टिस कुलदीप सिंह के बेटे परमजीत सिंह ने इस सम्मान पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उनके परिवार और पूरे सिख समुदाय के लिए महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने कहा कि जस्टिस कुलदीप सिंह ने अपना पूरा जीवन सिखों के हितों और कल्याण के लिए समर्पित किया। उन्होंने इस सम्मान के लिए एसजीपीसी और उसके अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान न्यायिक क्षेत्र और वकील समुदाय के लिए भी विशेष महत्व रखता है।