पंजाब सरकार ने राज्य की 518 गोशालाओं के 100 करोड़ रुपये से अधिक के बिजली बिल माफ किए हैं। इनमें अमृतसर जिले की 14 गोशालाएं भी शामिल हैं। यह जानकारी पंजाब गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष कीमती भगत ने जिला प्रशासनिक परिसर में अधिकारियों और गोशाला प्रबंधकों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में दी। कीमती भगत ने बताया कि घायल गोवंश के इलाज और देखभाल के लिए आयोग की सिफारिश पर 3.6 करोड़ रुपये की लागत से गोशालाओं को काऊ लिफ्टर उपलब्ध करवाए गए हैं। अमृतसर जिले की 14 गोशालाओं को भी इसका लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि गोशालाओं में रखे प्रत्येक गोवंश की देखभाल के लिए प्रतिदिन 61 रुपये देने संबंधी नोटिफिकेशन जारी किया गया है। जल्द ही बैठक कर गोशालाओं को यह राशि उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि बेसहारा और लावारिस गोवंश को सड़कों से हटाकर गोशालाओं में पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इससे किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान के साथ सड़क हादसों और यातायात संबंधी समस्याओं को भी कम किया जा सकेगा। अधिकारियों को गौ-सेस की राशि गोवंश की देखभाल और सुरक्षा पर खर्च करने तथा गोशाला प्रबंधकों के साथ हर तीन महीने में बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं।