अमृतसर बार्डर रेंज के नवनियुक्त आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बुधवार को अपना पदभार संभाल लिया। पदभार संभालने के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने नशा तस्करी, संगठित अपराध और आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने की बात कही। आईजी भुल्लर ने कहा कि पाकिस्तान से लगती लंबी सीमा के कारण बार्डर रेंज बेहद संवेदनशील है। सीमा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए बीएसएफ समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ बेहतर तालमेल बनाया जाएगा। नदी क्षेत्र और जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश से सटे इलाकों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे के हॉटस्पॉट इलाकों पर विशेष नजर रहेगी। एसएसपी के साथ बैठक कर पब्लिक आउटरीच कार्यक्रम चलाए जाएंगे। सिविल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से युवाओं को नशे से दूर करने और नशा मुक्ति के प्रयास किए जाएंगे। आईजी ने कहा कि हाल में अटारी सीमा के पास ड्रोन गिरने की घटना को देखते हुए वह अटारी से जनसंपर्क अभियान शुरू करेंगे। स्थानीय लोगों को सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। नशा तस्करों की वित्तीय जांच कर उनकी संपत्तियों और पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह या भ्रामक वीडियो फैलाने वालों पर भी नियमानुसार कार्रवाई होगी।