विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार को अश्विन कृष्ण पक्ष की अमावस्या पर तड़के चार बजे हुई भस्म आरती के दौरान बाबा महाकाल का पंचामृत पूजन-अभिषेक किया गया। इसके बाद भगवान का आकर्षक शृंगार कर भस्म अर्पित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए। भक्तों के जय श्री महाकाल के उद्घोष से मंदिर परिसर गूंज उठा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर के पुजारी पंडित महेश शर्मा ने बताया कि अश्विन कृष्ण पक्ष की अमावस्या के अवसर पर बाबा महाकाल का विशेष शृंगार किया गया। भस्म आरती के लिए शनिवार सुबह चार बजे मंदिर के पट खुलते ही पुजारीगण ने गर्भगृह में स्थापित सभी भगवान की प्रतिमाओं का पूजन किया। इसके बाद भगवान महाकाल का जलाभिषेक किया गया और दूध, दही, घी, शक्कर व फलों के रस से तैयार पंचामृत अर्पित किया गया।
इसके बाद प्रथम घंटाल बजाकर हरि ओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद बाबा महाकाल को चांदी का मुकुट और मुंडमाला धारण कराई गई। अमावस्या के अवसर पर ज्योतिर्लिंग पर भस्म का लेपन कर भगवान शिव के साकार स्वरूप को उभारा गया। इसमें उनकी आंखें, भौहें, मूंछें और त्रिपुंड सुशोभित नजर आए। भगवान के मस्तक पर धारण कराया गया चांदी का मुकुट सूर्य का प्रतीक रहा।
भस्म आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्तों ने बाबा महाकाल के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और भक्ति में लीन होकर जय श्री महाकाल का उद्घोष किया। मान्यता है कि भस्म अर्पित करने के बाद भगवान निराकार से साकार स्वरूप में दर्शन देते हैं।
महाकाल मंदिर में आरती का समय
भस्म आरती : सुबह 4:00 से 6:00 बजे तक
दध्योदक आरती : सुबह 7:00 से 7:45 बजे तक
भोग आरती : सुबह 10:00 से 10:45 बजे तक
संध्या पूजन : शाम 5:00 से 5:45 बजे तक
संध्या आरती : शाम 7:00 से 7:45 बजे तक
शयन आरती : रात 10:30 से 11:00 बजे तक
महाकालेश्वर मंदिर में आरतियों का यह संशोधित समय आश्विन मास की पूर्णिमा यानी शरद पूर्णिमा तक प्रभावी रहेगा।
महाकाल मंदिर से संबंधित हेल्पलाइन नंबर
श्री महाकालेश्वर मंदिर से संबंधित जानकारी के लिए श्रद्धालु टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 18002331008 पर संपर्क कर सकते हैं। महाकाल दर्शन, आरती, पूजन और दान सहित अन्य जानकारियां 24 घंटे इन नंबरों पर प्राप्त की जा सकती हैं।
0734-2559272
0734-2559275
0734-2559276
0734-2559277